शेक्सपियर ने अपने कलम से रोमियो और जूलियट सहित कई प्रेमी युगलों को अमर कर दिया

ध्वनि II - भाषाएँ
05-12-2023 09:38 AM
Post Viewership from Post Date to 05- Jan-2024 (31st Day)
City Subscribers (FB+App) Website (Direct+Google) Messaging Subscribers Total
2215 260 0 2475
* Please see metrics definition on bottom of this page.
शेक्सपियर ने अपने कलम से रोमियो और जूलियट सहित कई प्रेमी युगलों को अमर कर दिया

चाहे आप भारत के किसी भी हिस्से में रहते हों, आपने रोमियो और जूलियट (Romeo and Juliet) का नाम तो ज़रूर ही सुना होगा। इन दोनों की प्रेम कहानी ने वाकई में इनका नाम अमर कर दिया। इस प्रेमी जोड़े की लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि, कई लोग इन दोनों की कहानी को एक नाटक के बजाय, वास्तविक घटना मान लेते हैं। "रोमियो एंड जूलियट" नामक नाटक को प्रेम के जीवंत चित्रण के लिए जाना जाता है। यह दो प्रेमियों के रोमांस (Romance) और जुनून की एक क्लासिक और दुखद प्रेम कहानी है।
आज भी "रोमियो" के नाम का उपयोग भावुक युवा प्रेमियों के लिए किया जाता है। "रोमियो एंड जूलियट" की अमर कहानी या नाटक को अंग्रेज़ी के महान कवि, काव्यात्मकता के विद्वान नाटककार तथा अभिनेता विलियम शेक्सपियर (William Shakespeare) द्वारा लिखा गया है। यह नाटक शेक्सपियर के समय में उनके पसंदीदा नाटकों में से एक था। रोमियो और जूलियट के परिवार वाले एक-दूसरे के धुर विरोधी होते हैं। कहानी का दुखद अंत रोमियो और जूलियट की दुखद मृत्यु के साथ हो जाता है। "रोमियो एंड जूलियट" की कहानी दुखद प्रेम कहानियों की एक लंबी परंपरा का हिस्सा है। यह मूल रूप से एक इतालवी लेखक माटेओ बैंडेलो (Matteo Bandello) द्वारा लिखी गई एक इतालवी कहानी पर आधारित मानी जाती है। 1562 में अंग्रेजी कवि आर्थर ब्रुक (Arthur Brooke) द्वारा इस कहानी को "द ट्रैजिकल हिस्ट्री ऑफ रोमियो एंड जूलियट (The Tragical History of Romeo and Juliet)" नामक कविता में अनुवादित किया गया था। इसे 1567 में विलियम पेंटर (William Painter) द्वारा "पैलेस ऑफ प्लेजर (Palace of Pleasure)" नामक पुस्तक में भी दोहराया गया था। शेक्सपियर ने अपनी कहानी या नाटक में इन्हीं स्रोतों से प्रेरणा ली है, लेकिन इसमें उन्होंने अपनी भी कई विशेषताएं जोड़ी हैं।
यह नाटक संभवतः 1591 और 1595 के बीच लिखा गया था। नाटक का पहला संस्करण 1597 में प्रकाशित हुआ था। इस नाटक के बाद चारों ओर शेक्सपियर की लेखन शैली की खूब प्रशंसा हुई। कहानी में तनाव पैदा करने के लिए उन्होंने हास्य को दुख और विलाप में बदल देने जैसे कई प्रयोग किये हैं। इसमें उन्होंने छोटे पात्रों की भूमिकाओं का भी विस्तार किया और कई उप-कथानक जोड़े। नाटक में अलग-अलग पात्र अलग-अलग काव्यात्मक रूपों में बात करते हैं। जैसे-जैसे पात्र बड़े होते हैं, वैसे-वैसे उनकी विशेषताओं में भी बदलाव आते रहता है। उदाहरण के लिए, जैसे-जैसे नाटक आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे रोमियो एक निश्चित संरचना वाली औपचारिक कविता, सॉनेट (sonnet) लिखने में बेहतर होता जाता है। "रोमियो एंड जूलियट" को कई बार मंच, फिल्म, संगीत और ओपेरा (Opera) जैसे रूपों में भी रूपांतरित किया गया है। रोमियो और जूलियट की प्रेम कहानी के दुखद अंत से पता चलता है कि “ इसके माध्यम से शेक्सपियर रोमांटिक प्रेम को एक शक्तिशाली शक्ति के रूप में दर्शाते हैं, जो सामाजिक मानदंडों और यहां तक कि जीवन से भी परे जा सकता है।” समय के साथ रोमियो एंड जूलियट नामक इस नाटक में विभिन्न संशोधन किये गए और व्याख्याएँ बदली गई हैं। ये सभी बदलाव युग की बदलती संवेदनाओं को दर्शाते हैं। 20वीं और 21वीं सदी में इस नाटक को कई अलग-अलग तरीकों से रूपांतरित किया गया है।
इसके कुछ उदाहरणों में:

वर्ष निर्देशक फिल्म
1936 जॉर्ज कुकोर (George Cukor) रोमियो और जूलियट
1968 फ्रांको जेफरेली (Franco Zeffirelli) रोमियो और जूलियट
1996 बाज़ लुरमन (Baz Luhrmann) रोमियो + जूलियट
2013 कार्लो कार्लेई (Carlo Carlei) रोमियो और जूलियट

हालांकि केवल रोमियो और जूलियट ही नहीं बल्कि शेक्सपियर के कई नाटक, प्रेम कहानियों से भरे हुए हैं। उनकी कई मज़ाकिया और प्रेम संबंध आधारित कहानियां अक्सर शादी या जोड़ों के पुनर्मिलन के साथ समाप्त होती हैं। लेकिन उनकी लगभग आधी कहानियों में गहरे दुःख और बिछड़न के दर्द को दिखाया गया है।
 शेक्सपियर की कहानियों और नाटकों से यादगार जोड़ियों की सूची निम्नवत दी गई है:

नाटक का नाम जोड़ी का नाम
हैमलेट (Hamlet) हैमलेट और ओफीलिया (Hamlet and Ophelia)
मैकबेथ (Macbeth) मैकबेथ और लेडी मैकबेथ (Macbeth and Lady Macbeth)
एंटोनी और क्लियोपेट्रा (Antony and Cleopatra) एंटोनी और क्लियोपेट्रा (Antony and Cleopatra)
द टेमिंग ऑफ द श्रू (The Taming of the Shrew) केट और पेट्रुचियो (Kate and Petruchio)
ट्वेल्फ़्थ नाइट (Twelfth Night) विओला/ओर्सिनो/ओलिविया/सेबास्टियन/एंटोनियो (Viola/Orsino/Olivia/Sebastian/Antonio)
अस यू लाइक इट (As You Like It) रोज़लिंड और ओरलैंडो (Rosalind and Orlando)
रोमियो और जूलियट (Romeo and Juliet) रोमियो और जूलियट (Romeo and Juliet)
मच अडू अबाउट नथिंग (Much Ado About Nothing) बियात्रिस और बेनेडिक (Beatrice and Benedick)
ए मिडसमर नाइट्स ड्रीम (A Midsummer Night’s Dream) तितानिया और बॉटम (Titania and Bottom)
शेक्सपियर की कृतियों का दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह मानी जाने वाली फोल्गर शेक्सपियर लाइब्रेरी (Folger Shakespeare Library) ने शेक्सपियर के नाटकों में सर्वश्रेष्ठ जोड़ियों का निर्धारण निम्नवत क्रम में किया है:
सर्वश्रेष्ठ युगल:
बीट्राइस और बेनेडिक(Beatrice and Benedick): शेक्सपियर के नाटक "मच एडो अबाउट नथिंग (Much Ado About Nothing)" से बीट्राइस और बेनेडिक को सर्वश्रेष्ठ जोड़ी के रूप में चुना गया। अपने मज़ाकिया मज़ाक और प्यार-नफरत के समावेश ने इस जोड़ी को प्रशंसकों का पसंदीदा बना दिया ।
उपविजेता युगल:
"हेनरी IV, भाग 1" से हॉट्सपुर और लेडी पर्सी (Hotspur and Lady Percy from "Henry IV, Part 1)
"द विंटर्स टेल" के फ्लोरिज़ेल और पर्डिटा (Florizel and Perdita from "The Winter's Tale")
"ट्वेल्थ नाइट" से वियोला और ओर्सिनो (Viola and Orsino from "Twelfth Night")


संदर्भ
https://tinyurl.com/z998jyw7
https://tinyurl.com/32pjbr3e
https://tinyurl.com/5n743ntz
https://tinyurl.com/2nc4vhc4

चित्र संदर्भ
1. रोमियो और जूलियट की प्रेम कहानी को संदर्भित करता एक चित्रण (flickr) 2. रोमियो और जूलियट के काल्पनिक चित्र को दर्शाता एक चित्रण (Collections - GetArchive)
3. विलियम शेक्सपियर के चित्र को दर्शाता एक चित्रण (wikimedia)
4. रोमियो और जूलियट के नाटक मंचन को दर्शाता एक चित्रण (wikimedia)
5. 1908 की रोमियो और जूलियट फिल्म के दृश्य को दर्शाता एक चित्रण ( PICRYL)