समय - सीमा 290
मानव और उनकी इंद्रियाँ 1082
मानव और उनके आविष्कार 838
भूगोल 282
जीव-जंतु 328
हमारे देश भारत एवं राज्य उत्तर प्रदेश में दहेज प्रथा, देश के इतिहास, परंपराओं और पितृसत्तात्मक मानसिकता में गहराई से समाई हुई सबसे स्थायी सामाजिक प्रथाओं में से एक है। मूल रूप से, वधू को उसके परिवार की ओर से एक स्वैच्छिक उपहार के रूप में दी जाने वाली यह प्रथा, समय के साथ एक सामाजिक अभिशाप में बदल गई है। आज यह परिवारों पर बोझ डालती है, लैंगिक भेदभाव को बढ़ावा देती है, और महिलाओं के खिलाफ हिंसा का कारण बनती है।
भारत में, दहेज प्रथा का तात्पर्य ‘विवाह के समय वधू के परिवार से वर के परिवार को धन, संपत्ति या मूल्यवान वस्तुओं के हस्तांतरण’ से है। महात्मा गांधी ने कहा था कि "जो युवा दहेज को अपने विवाह की शर्त बनाता है, वह अपनी शिक्षा और देश को बदनाम करता है, तथा नारीत्व का अपमान करता है।" मूल रूप से वधू की सहायता के लिए बनाई गई यह प्रथा, आज लैंगिक भेदभाव और सामाजिक अन्याय का एक प्रमुख कारण बन गई है।
दरअसल, दहेज की शुरुआत वैदिक काल के दौरान "स्त्रीधन" के रूप में हुई थी, जिसका उद्देश्य वधू की वित्तीय सुरक्षा के लिए उसे स्वैच्छिक उपहार देना था। मध्यकाल में, यह धीरे–धीरे वर पक्ष द्वारा मांगी जाने वाली एक अनिवार्य अदायगी (भुगतान) बन गया, जो विशेष रूप से शाही और उच्च जाति के विवाहों में आम था। फिर, औपनिवेशिक काल में ब्रिटिश संपत्ति कानूनों के संहिताकरण ने पितृसत्तात्मक उत्तराधिकार को सुदृढ़ किया, जिससे दहेज पर निर्भरता और भी बदतर हो गई।
परंतु, स्वतंत्रता के बाद लागू किए गए दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 के बावजूद, यह प्रथा आधुनिक भौतिकवादी अपेक्षाओं के अनुरूप बदलते हुए लगातार बनी रही है। यह एक सामाजिक कलंक है, जो आज भी जारी है।
दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961के अनुसार, इस अधिनियम के लागू होने के बाद यदि कोई व्यक्ति, दहेज देता या लेता है, अथवा दहेज देने या लेने को दुष्प्रेरित करता है, तो वह दंडनीय गुनाह होगा। यह कानून, दंडनीय अवधि के लिए पांच वर्ष या उससे अधिक कारावास और जुर्माने के तौर पर पंद्रह हजार रुपये या दहेज के मूल्य की रकम में अधिक मूल्य वाली रकम का प्रावधान करता है। परंतु न्यायालय, निर्णय में दर्ज किए जाने वाले पर्याप्त और विशेष कारणों को मद्देनजर रखते हुए पांच वर्ष से कम कारावास का दंड दे सकता है।

इसके अलावा, यदि कोई व्यक्ति, यथास्थिति, वधू या वर के माता-पिता, अन्य रिश्तेदारों या अभिभावक से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से किसी दहेज की मांग करता है, तो वह भी गुनहगार होगा। उसे छह महीने से अधिक, और दो वर्ष तक बढ़ाए जा सकने वाले कारवास और दस हजार रुपयों तक जुर्माने से दंडित किया जाएगा। परंतु न्यायालय, ऐसी स्थिति में भी, निर्णय में उल्लेख किए जाने वाले पर्याप्त और विशेष कारणों को मद्देनजर रखते हुए छह महीने से कम कारावास का दंड दे सकता है।
वास्तव में, कई समाजों में, दहेज अक्सर सामाजिक प्रतिष्ठा, शैक्षणिक योग्यता, आय स्तर, पेशे और पारिवारिक प्रतिष्ठा जैसे कारकों से निकटता से जुड़ा होता है, जो उनकी शिक्षा और कमाई में प्रगति से संबंधित है। दूसरे शब्दों में, 'उच्च गुणवत्ता वाले वर' - जो अच्छी तरह से शिक्षित हैं, और जिनके पास बेहतर गुणवत्ता वाली नौकरियां हैं - उच्च दहेज की मांग करते हैं। अध्ययन में पाया गया है कि, जैसे-जैसे विवाह बाजार में शिक्षित वरों की संख्या बढ़ती है, वैसे-वैसे अधिक शिक्षित वरों को मिलने वाले ‘दहेज मूल्य’ में कमी आती है।
मजबूत आर्थिक कारक भी दहेज प्रथा को बनाए रखते हैं। जो वधू पक्ष परिवार अपनी बेटियों के लिए दहेज देने से इनकार करते हैं, उन्हें 'कम गुणवत्ता' वाले वर चुनने पड़ते हैं। जब वर के परिवार को अपनी बेटी के लिए दहेज देना पड़ता है, या जब वे वर की शिक्षा में किए गए निवेश की भरपाई करना चाहते हैं, तब उनके पास दहेज स्वीकार करने का एक मजबूत आर्थिक प्रोत्साहन भी होता है।
इसके परिणामस्वरूप, विवाह केवल व्यक्तिगत अनुकूलता के बजाय वित्तीय विचारों से प्रभावित हो सकता है। ये अपेक्षाएं अक्सर परिवारों पर - विशेषतः सीमित संसाधनों वाले परिवारों पर - महत्वपूर्ण आर्थिक दबाव डालती हैं, जो एक उपयुक्त विवाह गठबंधन सुरक्षित करने के लिए सामाजिक मांगों को पूरा करने में संघर्ष कर सकते हैं। फलस्वरूप, दहेज की प्रथा वित्तीय तनाव, कर्ज और सामाजिक असमानता में योगदान दे सकती है।
थोड़ा करीब से देखने पर, यह प्रणाली महिलाओं के अधिकारों के लिए भी काफी क्रूर और घातक प्रतीत होती है। भारत की दहेज प्रथा के परिणामस्वरूप, हर साल 8,000 से अधिक महिलाओं की मृत्यु होती है। कभी-कभी, जब किसी महिला का परिवार मांगी गई दहेज की रकम या सामग्री नहीं जुटा पाता है, तो उसके पति या ससुराल वालों द्वारा उसकी हत्या कर दी जाती है। दूसरी तरफ, दहेज की कीमत पूरी करने में असमर्थ होने के कारण उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का सामना करने के बाद, कुछ महिलाएं आत्महत्या कर लेती हैं।
जो महिलाएं अपेक्षित दहेज की कीमत नहीं चुका पाती हैं, या जो भविष्य में अतिरिक्त भुगतान करने में असमर्थ होती हैं, उन्हें अक्सर उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का शिकार होना पड़ता है। पति या ससुराल वाले, ऐसी स्थिति में महिलाओं पर तेजाब फेंकते हैं, या उन्हें आग लगा देते हैं। दहेज उत्पीड़न एवं हिंसा में क्रूर पिटाई, भावनात्मक प्रताड़ना, शारीरिक प्रताड़ना, पैसे न देना, महिलाओं को घर से बाहर निकालना या बच्चों से दूर रखना, खुलेआम रखैल रखना, आदि शामिल है।
इसके अलावा, क्या आप जानते हैं कि दुनिया में सबसे ज्यादा बाल विवाह भारत में होते हैं, और यह डेटा दहेज प्रथा से भी प्रेरित है। लड़की जितनी छोटी होगी, उसकी दहेज की कीमत आमतौर पर उतनी ही कम होगी। इसलिए, पैसे बचाने के लिए कुछ परिवार अपनी बेटियों की कम उम्र में ही शादी कर देते हैं। दहेज की कीमतों को कम रखने के लिए, परिवार लड़कियों को शिक्षा लेने से भी रोकते हैं, क्योंकि औपचारिक शिक्षा के साथ दहेज की कीमतें भी बढ़ जाती हैं।
दहेज प्रथा, महिलाओं को आदान-प्रदान किया जा सकने वाली संपत्ति या वस्तुएं मानकर, उनका अमानवीयकरण भी करती है। यह प्रणाली, उन्हें एक बोझ के रूप में भी पेश करती है, जिसे वर पक्ष को स्थानांतरित किया जाना है। इसलिए, दहेज एक ऐसी प्रणाली को सुदृढ़ करता है, जहां महिलाओं को द्वितीय श्रेणी का नागरिक माना जाता है। चूंकि महिलाओं को एक परिवार पर वित्तीय बोझ के रूप में देखा जाता है, इसलिए कई माता-पिता लड़कियों को गर्भ में ही नष्ट (गर्भपात) कर देते हैं, या जन्म के बाद उन्हें मरने देते हैं। इससे महिलाओं का लगातार अवमूल्यन होता है और लैंगिक असमानता पैदा होती है। दहेज प्रथा उन महिलाओं को भी नुकसान पहुंचाती है, जो विकलांग हैं या जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं।

इन्हीं समस्याओं को बयां करने वाला एक हालिया मामला, ट्विशा शर्मा की मृत्यु है। ट्विशा शर्मा ने दिसंबर, 2025 में भोपाल के नागरिक समर्थ सिंह से विवाह किया था। विवाह के बाद से ही, उनके ससुराल वालों पर उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि, ट्विशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इस मामले में, उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बताया गया है। जहां आरोपी परिवार के पक्ष का कहना था कि, ट्विशा जी की मृत्यु आत्महत्या से हुई है, वहीं दूसरी ओर उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, और उनकी मृत्यु प्राकृतिक या स्वैच्छिक नहीं थी। ट्विशा जी के रिश्तेदारों ने कहा कि उनके शरीर पर चोट के निशान थे, और उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया था।
अब सीबीआई (CBI) की एफआईआर (FIR) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, और 3(5) के साथ-साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
संदर्भ
1. https://tinyurl.com/2nhwcbrw
2. https://tinyurl.com/22m44ufc
3. https://tinyurl.com/ptbsjunz
A. City Readerships (FB + App) - This is the total number of city-based unique readers who reached this specific post from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App.
B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.
C. Messaging Subscribers - This is the total viewership from City Portal subscribers who opted for hyperlocal daily messaging and received this post.
D. Total Viewership - This is the Sum of all our readers through FB+App, Website (Google+Direct), Email, WhatsApp, and Instagram who reached this Prarang post/page.
E. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.