जौनपुर का दोहरा - सुपारी से बनने वाला नशीला ज़हर

स्वाद - भोजन का इतिहास
07-06-2018 01:32 PM
जौनपुर का दोहरा - सुपारी से बनने वाला नशीला ज़हर

नशा नाश का कारण है और यदि यही नशा धीमा जहर हो तो और भी खतरनाक हो जाता है। जौनपुर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल क्षेत्र में बसा एक जिला है। यहाँ पर बड़ी संख्या में लोग पान-सुपारी आदि खाते हैं। इन्हीं तम्बाकू के उत्पादों में से एक उत्पाद ऐसा भी है जो पूरे देश में और कहीं नहीं मिलता है। यह उत्पाद है दोहरा। दोहरा एक ऐसा उत्पाद है जो कि सुपारी, तम्बाकू और अन्य कुछ रसायनों के मिलन से बनाया जाता है। इस उत्पाद का सेवन करने के बाद व्यक्ति को अत्यंत गर्मी की अनुभूति होती है तथा यह दिमाग में हल्का हल्का सुरूर पैदा करता है। जौनपुर के युवा बड़ी संख्या में इसका सेवन करते हैं तथा इसका प्रयोग सबसे ज्यादा सर्दी के महीनों में किया जाता है। तो आइये जानते हैं कि आखिर दोहरा होता क्या है?

दोहरा का निर्माण सुपारी के छिलने की प्रक्रिया से शुरू होता है। सुपारी को छील कर उसे 3 दिन तक भिगो कर सड़ाया जाता है। फिर चूना, कत्था, पिपरमिंट, लौंग, इलायची आदि इसमें मिलाया जाता है। ये सभी पदार्थ मिलाने के बाद इसमें किसी अन्य मादक पदार्थ का प्रयोग किया जाता है, संभवतः अफीम का पानी जिससे लोगों को इसकी लत लग जाए। यही कारण है कि दोहरे की लत यदि एक बार लग जाती है तो इससे छुटकारा पाना लगभग असंभव सा हो जाता है। दोहरा अत्यंत खतरनाक व्यसन है, इससे कई लोगों की जान भी चली गयी है। इस व्यसन से कैंसर की संभावना अत्यंत ज्यादा हो जाती है। इससे मुँह का कैंसर, आंत में कैंसर, अल्सर आदि हो जाता है।

मात्र जौनपुर के अस्पतालों में करीब 500 से ज्यादा कैंसर पीड़ितों का इलाज किया गया है। इस व्यसन से हुए कैंसर से मरने की संभावना अत्यंत ज्यादा है। जौनपुर से बड़ी संख्या में लोग मुंबई के टाटा अस्पताल में कैंसर के इलाज के लिए जा रहे हैं। हद तो तब हो जाती है जब यह व्यसन पदार्थ 2011 में ही बैन होने के बावजूद भी बड़ी संख्या में धड़ल्ले से 10 से लेकर 50 रूपए में बेचा जा रहा है। महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति अपने शरीर का खुद मालिक है, उसे खुद इस विषय पर सोचने की आवश्यकता है कि उसके स्वास्थ्य के लिए क्या सही है और क्या गलत। ऐसे मादक पदार्थों को तत्काल छोड़ने में ही भलाई है।

1.http://badalav.com/jaunpur-me-dohra-ka-asar/
2.https://www.khabarindiatv.com/india/uttar-pradesh-dohra-of-jaunpur-costs-one-more-life-517280
3.https://www.khabarindiatv.com/india/uttar-pradesh-protests-for-dohra-ban-in-jaunpur-in-uttar-pradesh-520159
4.https://www.jagran.com/uttar-pradesh/jaunpur-12666534.html