अद्भुत पूंछ के लिए विख्यात है इंडियन पैराडाईज़ फ्लाईकैचर

पक्षी
14-01-2020 10:00 AM
अद्भुत पूंछ के लिए विख्यात है इंडियन पैराडाईज़ फ्लाईकैचर

पृथ्वी पर कई ऐसे जीव मौजूद हैं जो अपनी आश्चर्यचकित बनावट और रूप के कारण सभी को मोहित करते हैं। इंडियन पैराडाईज़ फ्लाईकैचर (Indian paradise flycatcher) भी इन्हीं जीवों में से एक है जिसे विशेष तौर पर अपनी अद्भुत पूंछ के लिए जाना जाता है। यह जीव भारत में दूधराज या शाह बुलबुल के नाम से भी विख्यात है। भारत के राज्य मध्य प्रदेश में इसे राज्य पक्षी के रूप में सुशोभित किया गया है।

मध्यम आकार का यह पक्षी एशिया का मूल निवासी है, तथा यहां यह व्यापक रूप से पाया जाता है। यह भारतीय उपमहाद्वीप, मध्य एशिया और म्यांमार का भी मूल निवासी है। लखनऊ में भी इस पक्षी को आसानी से देखा जा सकता है। इनका सिर मुख्यतः चमकीले काले रंग का होता है। इस पक्षी की विशेषता यह है कि नर पक्षियों में लम्बी पंखयुक्त मुख्य पूंछ पायी जाती है जोकि 12 इंच तक बढ़ सकती है, जबकि पक्षी का शरीर केवल 7-8 इंच का होता है। कुछ में काले कर्कश पंख होते हैं तो कुछ सफेद पंखों वाली पूंछ के साथ पाये जाते हैं। मादा में सिर का रंग काला होने के साथ लाल-भूरे रंग की छोटी पूंछ भी होती है। फ्लाईकैचर का मुख्य भोजन कीट हैं। ये अपने आहार के रूप में कीड़ों, तितलियों, मक्खियों इत्यादि का सेवन करते हैं।

इंडियन पैराडाईज़ फ्लाईकैचर एक प्रवासी पक्षी है जोकि सर्दियों के मौसम में उष्णकटिबंधीय एशिया में निवास करता है। इन पक्षियों की प्रजनन आबादी स्थानीय रूप से दक्षिणी भारत और श्रीलंका में निवास करती है। ये प्रायः घने जंगलों में रहना पसंद करते हैं जहां अच्छी लकड़ी वाले पेड़ पाये जाते हैं। इसके अलावा ये जीव बगीचों, छायादार पेड़ों, हल्के पर्णपाती जंगलों आदि में भी पाए जा सकते हैं। रहने के लिए पक्षियों द्वारा घोंसले का निर्माण किया जाता है। घोंसला बनाने की इस प्रक्रिया में नर तथा मादा दोनों भाग लेते हैं। घोंसला बनाने और प्रजनन करने का मौसम प्रायः मार्च से जुलाई के बीच होता है। यह घोंसला मुख्यतः टहनियों से बनाया जाता है जिसे फिर इन पक्षियों द्वारा मकड़ियों के जाले से बांधा जाता है। यह पक्षी जहां अपनी लंबी पंखदार पूंछ के लिए प्रसिद्ध हैं वहीं इनमें एक और विशेषता है और वो है इनकी तीखी आवाज़। यह आवाज़ इस पक्षी के आस-पास होने का संकेत देती रहती है।

संदर्भ:
1.
https://en.wikipedia.org/wiki/Indian_paradise_flycatcher

2. http://natureconservation.in/description-of-asian-paradise-flycatcher-terpsiphone-paradisi/

चित्र सन्दर्भ:
1.
https://pixabay.com/no/photos/asiatiske-paradis-fluesnapper-bird-968911/
2. https://www.flickr.com/photos/kkoshy/32575781850
3. https://www.flickr.com/photos/mikeprince/24139138656