आज के युग में युवा जोड़ों के बीच रिश्तों की बदलती धारणाएं, अलग–अलग समस्याओं को सामने ला रही हैं। इनमें से एक बड़ी समस्या, असुरक्षित यौन संबंध है। इसी कारण, उचित यौन शिक्षा महत्वपूर्ण बन जाती है। तो आज हम इसी विषय पर चर्चा करेंगे।
‘यौन शिक्षा’, यौन संबंधों और लैंगिकता के बारे में ज्ञान प्रदान करने की एक गतिविधि है। यह यौन संबंधों और लैंगिकता के बारे में योग्य निर्णय लेने के लिए जानकारी प्राप्त करने में मदद करती है। यौन शिक्षा हमारे यौन स्वास्थ्य को प्रबंधित करने में भी मदद करती है। यह शिक्षा प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा दी जानी चाहिए। इसके अंतर्गत रिश्तों के बारे में आवश्यक चीजें, यौन पहचान, शारीरिक हावभाव, निर्णय क्षमता, गर्भनिरोधक तरीके और यौन संचारित संक्रमण (Sexually Transmitted Infections) जैसे विषयों को शामिल किया जाना चाहिए।
लेकिन फिर भी, इस दौर में भी यह विषय बेहद संवेदनशील है। कई रूढ़िवादी समुदायों में, इस विषय पर हिचकिचाहट के साथ चर्चा की जाती है, और कोई इस विषय पर अपने माता-पिता या शिक्षकों के साथ खुलकर बात नहीं कर पाता है। धार्मिक सीमाओं के कारण, कई समुदाय किशोरों को यौन शिक्षा नहीं दे पाते हैं। किशोरों को यौन शिक्षा प्रदान करना उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि किसी अन्य विषय को पढ़ाना। यह किशोरों को उनके रिश्तों को समझने और संभालने तथा उनके शरीर को जैविक रूप से जानने में मदद करती है। दूसरी ओर, असंगत कानूनों और नीतियों के कारण बहुत से युवाओं को सटीक यौन शिक्षा नहीं मिल पा रही है।
इस प्रकार, यौन शिक्षा के कई लाभ है। यौन शिक्षा किशोरों को कम उम्र में यौन संबंध न रखने के लिए प्रेरित करती है, क्योंकि कम उम्र में ऐसे संबंध रखने से कई तरह की जटिलताएं पैदा हो सकती हैं। इस प्रकार, यौन संबंधों की जल्द शुरुआत को टाला जा सकता है। उचित शिक्षा यौन गतिविधियों के खिलाफ अपनी सीमाएं बनाने में भी मदद करती है, क्योंकि यौन शिक्षा से सही या गलत के बीच अंतर को पहचानने में मदद मिलती है।
इस शिक्षा में यौन संबंधों के दौरान गर्भनिरोधक एवं कंडोम (Condom) के उपयोग के बारे में भी पूरी जानकारी शामिल है। इससे किशोरों को उनके लिए उपयुक्त गर्भनिरोधक पहचानने में मदद मिलती है। यदि हम किशोरों के पाठ्यक्रम में यौन शिक्षा को शामिल करते हैं, तो इससे कम उम्र में गर्भधारण की दरों में कमी आएगी। यह अनपेक्षित गर्भधारण और यौन संक्रमणों के प्रसार से बचने में ज्ञान भी प्रदान करती है।

नतीजतन, यह युवाओं को यौन शोषण या यौन हिंसा से भी सुरक्षित रखती है, क्योंकि यह यौन व्यवहार के बारे में पर्याप्त ज्ञान प्रदान करती है। इसी तरह, यह यौन साथियों की संख्या को भी कम कर सकती है, और साथी की सहमति को समझने में मदद करती है। यह शिक्षा किशोरों को अपने यौन साथियों के बारे में अच्छे, सही और जिम्मेदार निर्णय लेने के लिए प्रेरित करती है।
इन्हीं लाभों के कारण, ‘व्यापक यौन शिक्षा (Comprehensive Sex Education)’ धीरे-धीरे लोकप्रिय हो रही है। वास्तव में, व्यापक यौन शिक्षा ऐसा ज्ञान और कौशल प्रदान करती है, जो बच्चों और युवाओं को अपने शरीर, स्वास्थ्य और रिश्तों के बारे में सूचित निर्णय लेने के लिए सुसज्जित करता है। ऊपर उल्लिखित लाभों के अलावा, यौन शिक्षा के कारण यौन विविधता के प्रति सम्मान, डेटिंग (Dating) और यौन साथी की हिंसा की रोकथाम, स्वस्थ रिश्तों का विकास, बाल यौन शोषण की रोकथाम, बेहतर सामाजिक एवं भावनात्मक सीख, और मीडिया साक्षरता में वृद्धि हुई है।
डिजिटल युग में, इससे लैंगिकता, शारीरिक स्वायत्तता और व्यक्तिगत सीमाओं के बारे में बहुत जरूरी और समय पर शिक्षा प्रदान की जा सकती है, जो सेक्सटिंग (sexting) जैसे व्यवहारों के बढ़ने से रक्षा करती है। सेक्सटिंग, उच्च जोखिम वाले यौन व्यवहारों से जुड़ी एक गंभीर समस्या है। यह युवाओं को ऑनलाइन डेटिंग से सावधान करती है, जो उनमें डेटिंग हिंसा से जुड़ी रही है।
परंतु, भारतीय विद्यालयों में यौन शिक्षा अक्सर असंगत, अपर्याप्त और कभी-कभी तो पूरी तरह से अनुपस्थित है। हालांकि कुछ राज्यों ने इसे पाठ्यक्रम में शामिल करने के प्रयास किए हैं, लेकिन इसका क्रियान्वयन अलग-अलग जगहों पर काफी भिन्न है। इस प्रकार की चुनौतियों में कई कारक योगदान देते हैं।
भारतीय परिवारों और समुदायों में लैंगिकता एक ऐसा विषय है, जिस पर शायद ही कभी खुलकर चर्चा की जाती है। यह सांस्कृतिक संकोच अक्सर शैक्षणिक संस्थानों तक भी फैल जाता है, जिससे शिक्षकों के लिए इस विषय पर प्रभावी ढंग से बात करना मुश्किल हो जाता है। शिक्षकों के पास ऐसी चर्चाएं करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण या आत्मविश्वास की कमी भी हो सकती है।
इसके विपरीत जहां यौन शिक्षा प्रदान की जाती है, वहां का पाठ्यक्रम अक्सर पुराना, थोड़ा गलत, या केवल यौन परहेज पर केंद्रित होता है। कई कार्यक्रम गर्भनिरोधक, सुरक्षित यौन संबंध बनाने के तौर-तरीकों, सहमति, और एलजीबीटीक्यु+ (LGBTQ+) जैसे आवश्यक विषयों को शामिल करने में विफल रहते हैं। उपयुक्त शिक्षण सामग्री और प्रशिक्षित शिक्षकों की कमी इस समस्या को और अधिक बढ़ा देती है।
भारत में यौन शिक्षा कार्यक्रमों का एक बड़ा हिस्सा, वैश्विक रुझानों से प्रभावित होकर, अनपेक्षित गर्भधारण और यौन संचारित संक्रमणो को रोकने के एकमात्र पक्के तरीके के रूप में 'परहेज' (यौन संबंधों से दूरी) पर जोर देता है। हालांकि परहेज एक वैध विकल्प है, लेकिन ‘केवल-परहेज वाला दृष्टिकोण’ युवाओं को उचित ज्ञान और कौशल से दूर रखता है।
इसके अलावा, वर्तमान यौन शिक्षा अक्सर सभी युवाओं की विविध आवश्यकताओं को बयां करने में विफल रहती है, जिनमें हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लोग, एलजीबीटीक्यु+ व्यक्ति और विकलांग लोग शामिल हैं।

विद्यालयों में व्यापक यौन शिक्षा की शुरुआत, दरअसल 50 वर्षों पहले हुई थी, जब पश्चिमी यूरोप ने इस मुहिम का नेतृत्व किया था। पूरे पश्चिमी जगत में भी यौन शिक्षा में देश, राज्य और स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण भिन्नता दिखाई देती है, जो विविध सांस्कृतिक, राजनीतिक और धार्मिक प्रभावों को दर्शाती है। इन मतभेदों के बावजूद, पूरे क्षेत्र में कई सामान्य विषय उभरकर सामने आते हैं। स्वीडन (Sweden), नॉर्वे (Norway) और नीदरलैंड (Netherland) जैसे कुछ देशों में विद्यालयों में पहले से ही एक पाठ्यक्रम या यौन स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रम मौजूद है।
संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) में, यौन शिक्षा मानकीकृत नहीं है, जिससे प्रत्येक राज्य के भीतर महत्वपूर्ण भिन्नता है। यहां कुछ संयुक्त राज्य व्यापक कार्यक्रमों को अनिवार्य बनाते हैं, जबकि अन्य केवल-परहेज शिक्षा पर जोर देते हैं, जो विवाह तक परहेज को बढ़ावा देती है। यह अक्सर गर्भनिरोधक एवं सुरक्षित यौन प्रथाओं के बारे में जानकारी को बाहर रखती है। कनाडा में, यह शिक्षा एक व्यापक दृष्टिकोण का पालन करती है, जो सभी सरकारी वित्त पोषित विद्यालयों में अनिवार्य है।
पश्चिमी यूरोपीय देश आम तौर पर यौन शिक्षा के प्रति एक व्यापक और प्रगतिशील दृष्टिकोण अपनाते हैं, जो कम उम्र से ही शुरू हो जाता है। इसमें सहमति, लैंगिक पहचान, यौन विविधता और संबंधों जैसे विषयों को शामिल किया जाता है। इस प्रारंभिक और समावेशी शिक्षा को अक्सर नीदरलैंड और स्वीडन जैसे देशों में देखी जाने वाली किशोर गर्भावस्था और यौन संक्रमणो की कम दरों का श्रेय दिया जाता है।
कुछ रिपोर्टों से पता चलता है कि सांस्कृतिक रूप से संवेदनशील और समावेशी यौन शिक्षा, युवाओं को उन सामाजिक और भावनात्मक कौशल को विकसित करने में मदद करती है, जिनकी उन्हें दयालु व सहानुभूति रखने वाले इंसान और अधिक स्वस्थ व बेहतर वयस्क बनने के लिए आवश्यकता होती है। साथ ही, जिन युवाओं को यौन शिक्षा मिलती है, उनका आत्मसम्मान बेहतर होता है, वे दूसरों के प्रति सम्मानजनक होते हैं, और उनके रिश्ते अधिक स्वस्थ होते हैं।
यौन शिक्षा, जिसमें एलजीबीटीक्यु+ पहचान भी शामिल होती है, बदमाशी, भेदभाव और उत्पीड़न को कम करने के लिए भी जानी जाती है। इससे विद्यालय सभी छात्रों के लिए सुरक्षित बनते हैं। विशेष रूप से, यौन शिक्षा से शरीर की बेहतर छवि, दूसरों के लिए अधिक सहानुभूति और सम्मान, बेहतर बातचीत कौशल, भावनाओं का बेहतर प्रबंधन, आत्म-नियंत्रण और सुरक्षा की बेहतर समझ को भी बढ़ावा दिया जाता है।
इसी कारण, चिकित्सा विशेषज्ञ इस बात से सहमत हैं कि व्यापक, समावेशी और चिकित्सकीय रूप से सटीक यौन शिक्षा युवा लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
संदर्भ
1. https://tinyurl.com/3yv2rmp3
2. https://tinyurl.com/4jbnctur
3. https://tinyurl.com/mc9dvkxv
A. City Readerships (FB + App) - This is the total number of city-based unique readers who reached this specific post from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App.
B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.
C. Messaging Subscribers - This is the total viewership from City Portal subscribers who opted for hyperlocal daily messaging and received this post.
D. Total Viewership - This is the Sum of all our readers through FB+App, Website (Google+Direct), Email, WhatsApp, and Instagram who reached this Prarang post/page.
E. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.