उत्तर से दक्षिण तक दिवाली की विविधता: प्रभु राम के अयोध्या आगमन व नरकासुर वध की हैं कथाएँ

विचार I - धर्म (मिथक/अनुष्ठान)
08-11-2026 09:30 AM
उत्तर से दक्षिण तक दिवाली की विविधता: प्रभु राम के अयोध्या आगमन व नरकासुर वध की हैं कथाएँ

दिवाली का त्योहार अज्ञान पर ज्ञान की, अंधकार पर प्रकाश की और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। विशेष रूप से उत्तर और पश्चिम भारत में, इस उत्सव से जुड़ी सबसे प्रचलित पौराणिक कथा रामायण से आती है, जो भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के लंका विजय के पश्चात, अयोध्या लौटने और उनके राज्याभिषेक की स्मृति दिलाती है। जबकि दक्षिण भारत में, यह त्योहार भगवान श्रीकृष्ण द्वारा असुर नरकासुर के वध की खुशी में मनाया जाता है।

'दिवाली' शब्द की उत्पत्ति संस्कृत के 'दीपावली' शब्द से हुई है, जिसका अर्थ है 'दीपकों की पंक्ति या शृंखला' है। यह शब्द ‘दीप’  और ‘आवली’ के मेल से बना है। पद्म पुराण, विष्णु पुराण, कालिका पुराण और सम्राट हर्ष द्वारा रचित नाटक 'नागानंद' जैसे प्राचीन भारतीय ग्रंथों के साथ-साथ, कई शिलालेखों और ताम्रपत्रों में भी इस पर्व को दीपोत्सव, दीपोत्सवम्, दीपावली, दिवाली और दिवालिगे  के रूप में संदर्भित किया गया है।

दिवाली के चौथे दिन को बलि प्रतिपदा कहा जाता है, जो भगवान विष्णु के वामन अवतार द्वारा राजा बलि को पाताल लोक भेजने की घटना की याद दिलाता है। केरल में इसे बलिराज्य के रूप में भी मनाया जाता है, क्योंकि मान्यता है कि इसी दिन श्री विष्णु की अर्धांगिनी देवी लक्ष्मी ने बलि को एक दिन के लिए मुक्त किया था, जिसकी प्रसन्नता में उनकी प्रजा ने उत्सव मनाया था। एक अन्य कथा के अनुसार, इसी दिन राजा बलि ने राजसिंहासन संभाला था।

पद्म पुराण के अनुसार, दिवाली का पहला दिन यानी धनतेरस, समुद्र मंथन से देवी लक्ष्मी के प्राकट्य (जन्म) का प्रतीक है। इसके तीसरे दिन यानी दिवाली के मुख्य पर्व पर, देवी लक्ष्मी ने भगवान विष्णु को अपने जीवनसाथी के रूप में चुना था।

जैन समुदाय में भी दिवाली एक प्रमुख त्योहार है और लक्ष्मी पूजन इसका एक महत्वपूर्ण अंग है। इसी पावन तिथि पर भगवान महावीर ने मोक्ष प्राप्त किया था। जैन धर्मावलम्बी इस दिन दीपक जलाकर 'महावीर निर्वाण दिवस' मनाते हैं। मुख्य रूप से व्यापारी वर्ग से जुड़ा जैन समुदाय, दिवाली पर अपने बही-खातों को बदलकर और नई पूजा करके अपने नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत करता है।

दिवाली, सिख धर्म के भी प्रमुख त्योहारों में से एक है। हालाँकि, सिख परंपरा में इसका महत्व पौराणिक न होकर ऐतिहासिक है। सत्रहवीं शताब्दी में, सिखों के छठे गुरु, गुरु हरगोविंद सिंह जी को मुग़ल सम्राट जहाँगीर ने ग्वालियर के किले की कैद से मुक्त किया था। दिवाली के ही दिन उनकी रिहाई होने के कारण, यह सिखों के लिए एक बड़े उल्लास का दिन बन गया। इसके अतिरिक्त, वर्ष 1577 में दिवाली के ही दिन अमृतसर शहर की नींव रखी गई थी।

यद्यपि बौद्ध धर्म में दिवाली मुख्य पर्व नहीं है, फिर भी नेपाल का नेवार समुदाय दिवाली को बहुत उत्साह से मनाता है। यह समुदाय, वज्रयान शाखा का अनुयायी है और अनेक देवी-देवताओं की आराधना करता है। इसे वहाँ 'तिहार' कहा जाता है और यह पाँच दिनों तक दिवाली की भांति ही मनाया जाता है। इसमें हिंदू रीति-रिवाजों का स्पष्ट प्रभाव दिखाई देता है, जहां कौवे, कुत्ते और गाय जैसे विभिन्न जीवों की पूजा के लिए विशेष दिन निर्धारित होते हैं। अंतिम दो दिन गोवर्धन पूजा और भाई टीका (भाई दूज) के लिए समर्पित होते हैं।

जबकि हमारे शहर लखनऊ में, दिवाली केवल एक पर्व नहीं, बल्कि एक ऐसा जीवंत अनुभव है, जो पूरे शहर को एकता के सूत्र में पिरो देता है। त्योहार से हफ्ते भर पहले ही घरों की सफाई शुरू हो जाती है और उन्हें सुंदर रंगोलियों और दीयों से सजाया जाता है। दिवाली की आध्यात्मिक शुरुआत देवी लक्ष्मी की पूजा-अर्चना से होती है। परिवार के सभी सदस्य एकत्र होकर लक्ष्मी पूजन करते हैं और घर से दरिद्रता व अंधकार को दूर कर, सुख-समृद्धि का स्वागत करने के लिए दीये जलाते हैं।

पूजा संपन्न होते ही पूरा आसमान आतिशबाजी की चमक से जगमगा उठता है। लोग एक-दूसरे के घर जाकर मिठाइयों और उपहारों का आदान-प्रदान करते हैं, जिससे आपसी प्रेम और आत्मीयता प्रगाढ़ होती है। लखनऊ की गलियाँ और बाजार रोशन हो जाते हैं और रंग-बिरंगी दिखते हैं। खरीदारी के शौकीनों के लिए लखनऊ के बाजार दिवाली के दौरान और भी जीवंत और आकर्षक हो जाते हैं। हज़रतगंज, अमीनाबाद, हमज़ा बाज़ार और चौक जैसे स्थानीय बाज़ार अपनी पारंपरिक हस्तकला, आभूषणों और पारंपरिक परिधानों के लिए मशहूर हैं।

लखनऊ में दिवाली की खरीदारी का एक मुख्य आकर्षण सुंदर ढंग से गढ़े गए दीये, मोमबत्तियाँ और सजावटी सामान हैं। स्थानीय कारीगर मिट्टी के बारीक नक्काशीदार दीये, रंग-बिरंगी लालटेनें और हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएँ तैयार करते हैं। इसके अलावा, शहर की प्रसिद्ध 'लखनवी मिठाई' की मांग भी इस दौरान चरम पर होती है, जिसे खरीदे बिना यह त्योहार अधूरा माना जाता है।

लखनऊ की दिवाली का एक और बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा दिवाली मेला है, जो संस्कृति, मनोरंजन और खरीदारी का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। ये मेले शहर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किए जाते हैं, जिनमें 'बड़ा इमामबाड़ा' और 'झूलेलाल पार्क' के आयोजन काफी प्रसिद्ध हैं। इन मेलों में प्रत्यक्ष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लज़ीज़ व्यंजनों के स्टॉल और बच्चों के लिए तरह-तरह के खेल व गतिविधियाँ होती हैं। यहाँ स्थानीय हस्तशिल्प, कपड़े और एक्सेसरीज़ का बेहतरीन संग्रह मिलता है। हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक पोशाकों और लजीज स्ट्रीट फ़ूड के स्टॉल परिवारों के लिए एक बेहतरीन सैर का जरिया बनते हैं। दूसरी ओर, नृत्य, संगीत और नाटकों जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ त्योहार के उत्साह को कई गुना बढ़ा देती हैं।

इस प्रकार, उत्तर भारत में दिवाली का उत्सव विजयादशमी (दशहरा) से ही आरंभ हो जाता है। इस पर्व से कई पौराणिक कथाएँ और स्थानीय रीति-रिवाज जुड़े हैं, लेकिन सभी में एक बात समान है, जो घरों, रास्तों, मंदिरों और सरकारी इमारतों को मिट्टी के सैकड़ों छोटे दीयों से रोशन करना है। बुरी आत्माओं और दुष्ट शक्तियों को भगाने के प्रतीक के रूप में पटाखे भी बजाए जाते हैं, जो इसे बच्चों का विशेष रूप से पसंदीदा त्योहार बनाते हैं।

दिवाली के दिन दुकानें दोपहर तक खुली रहती हैं, क्योंकि व्यापारियों का मानना है कि इस दिन अच्छी बिक्री होने से पूरा साल समृद्ध बीतता है। कॉर्पोरेट जगत में दिवाली के उपहार खरीदने और बाँटने का सिलसिला मुख्य दिन से कई दिन पहले ही शुरू हो जाता है और धीरे-धीरे गति पकड़ता है। मिठाइयाँ, सूखे मेवे (ड्राई फ्रूट्स) और चांदी के सिक्के सबसे आम उपहार हैं, हालाँकि लोग चांदी के बर्तन, गृहस्थी का सामान और सूट-लेंथ जैसी चीज़ें भी भेंट करते हैं।

साथ ही, जगह-जगह सड़क के मोड़ों पर रामलीला के लिए मंच बनाए जाते हैं। रामायण की कथा का यह नाटकीय मंचन कई रातों तक चलता है, जिसका समापन अधर्म (रावण) पर धर्म (राम) की विजय के साथ होता है। हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में ताश खेलने का भी चलन है और दिवाली की रात यह अपने चरम पर होता है। यद्यपि पारंपरिक रूप से सिख समुदाय में दिवाली उस रूप में नहीं मनाई जाती, फिर भी वे गुरुद्वारे जाकर मत्था टेकते हैं और शाम को दीये जलाकर व पटाखे फोड़कर इस उत्सव में सहर्ष भाग लेते हैं।

दिवाली के दिन, कुछ घरों में दूध के बर्तन में चांदी का सिक्का डालने की रस्म होती है, जिसके बाद उस दूध के छींटे घर के कमरों में हल्के से छिड़के जाते हैं। मूर्ति के समक्ष रखा गया प्रसाद पूरी रात वहीं रखा रहने दिया जाता है। हिमाचल प्रदेश में घर के हर भीतरी कोने को बहुत ध्यान से रोशन किया जाता है। घर के मंदिर या पूजा वाले स्थान पर एक बड़ा दीया रखा जाता है, जो पूरी रात जलता रहता है और उसकी देखरेख की जाती है। इसके अलावा, बिहार और हमारे राज्य उत्तर प्रदेश में केवल एक बड़ा दीया ही नहीं, बल्कि पूजा स्थान के चारों ओर नक्काशीदार चार छोटे दीये रखे जाते हैं।

परंतु, दक्षिण भारत में, यह त्योहार मुख्य रूप से एक शक्तिशाली राजा असुर नरक या नरकासुर पर विजय की स्मृति में मनाया जाता है, जिसने हज़ारों लोगों को बंदी बना रखा था। भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध करके उन सभी बंदियों को मुक्त कराया था। दक्षिण में दिवाली का यह पर्व तमिल महीने 'ऐप्पसी' (तुला मास) की अमावस्या से ठीक पहले आने वाली 'नरक चतुर्दशी' तिथि को मनाया जाता है।

इसकी तैयारियाँ एक दिन पहले से ही शुरू हो जाती हैं। चूल्हे को अच्छी तरह साफ करके उस पर चूना लगाया जाता है, कुमकुम के चार-पाँच टीके लगाए जाती हैं और अगले दिन के अभ्यंग स्नान (तेल स्नान) के लिए वहाँ पानी भरकर रखा जाता है। पूरे घर को धोकर गेरू (कवि) और रंगोली (कोलम्) के सुंदर पैटर्नों से सजाया जाता है। पूजा कक्ष में पान के पत्ते, सुपारी, केले, फूल, चंदन, कुमकुम, तिल का तेल, हल्दी पाउडर और सुगंधित उबटन/पाउडर रखे जाते हैं। पटाखों और नए कपड़ों की थाली पर थोड़ा सा कुमकुम या चंदन का लेप लगाकर उन्हें भी पूजा स्थान पर रखा जाता है।

दीपावली का उत्सव, सुबह तड़के ही शुरू हो जाता है। परिवार का सबसे वरिष्ठ सदस्य सभी सदस्यों के सिर पर तिल का तेल लगाता है। इसके बाद, सबसे छोटे सदस्य से शुरुआत करते हुए सभी लोग स्नान करने जाते हैं। नए वस्त्र पहनकर बाहर आते ही बच्चों और युवाओं के चेहरों पर पटाखे फोड़ने की उत्सुकता साफ झलकती है, जो असुर राजा नरकासुर के अंत का प्रतीक है।

लेकिन पटाखे फोड़ने से पहले 'लेहियम', जो एक विशेष पाचक औषधि/काढ़ा है, का सेवन कराया जाता है, ताकि त्योहार के दौरान खान-पान की अधिकता से पाचन तंत्र संतुलित रहे! इसके बाद आतिशबाज़ी का दौर शुरू होता है। प्रातःकाल कुल-देवताओं की विशेष पूजा भी की जाती है। नाश्ते में  कुरकुरा व्यंजन मुरुक्कू, कोई मीठा पकवान और निश्चित रूप से इडली या डोसा परोसा जाता है।

कुछ समुदायों में यह मान्यता है कि जब नरकासुर का वध होने वाला था, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उससे उसकी अंतिम इच्छा पूछी। नरकासुर ने इच्छा जताई कि वह अपने जीवन के अंतिम दिन का आनंद बेहद धूमधाम से मनाना चाहता है, और उसी दिन की याद में दिवाली मनाई जाने लगी। यहीं से इस परंपरा की शुरुआत हुई जो आज भी चली आ रही है। इस कारण, शाम होते ही दीये प्रज्वलित किए जाते हैं और आतिशबाज़ी की जाती है।

किसी नवविवाहित जोड़े के विवाह के पश्चात की पहली दिवाली को, यहाँ थलाई दीपावली के नाम से जाना जाता है। इस दिन वह नवविवाहित जोड़ा उत्सव मनाने के लिए दुल्हन के मायके जाता है। वे बड़ों का आशीर्वाद लेते हैं और दिन का पहला पटाखा फोड़ते हैं। आमतौर पर, इस अवसर पर हज़ारों रुपये मूल्य के तरह-तरह के पटाखे खरीदे जाते हैं। दिवाली के इस आयोजन में मंदिर जाना, वस्त्रों व आभूषणों का आदान-प्रदान करना, मिठाइयों का आनंद लेना और बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त करना शामिल है। दूल्हे के माता-पिता और भाई-बहन भी इस उत्सव में शामिल होने के लिए विशेष रूप से पहुँचते हैं।

 

संदर्भ

https://tinyurl.com/3zb3bhrs

https://tinyurl.com/2rcey4nr

https://tinyurl.com/335r8jk8

https://tinyurl.com/5737fwhc

 

Definitions of the Post Viewership Metrics

A. City Readerships (FB + App) - This is the total number of city-based unique readers who reached this specific post from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App.

B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.

C. Messaging Subscribers - This is the total viewership from City Portal subscribers who opted for hyperlocal daily messaging and received this post.

D. Total Viewership - This is the Sum of all our readers through FB+App, Website (Google+Direct), Email, WhatsApp, and Instagram who reached this Prarang post/page.

E. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.