बहुत डरावने प्रतीत होते हैं, रोल क्लाउड

जलवायु और मौसम
05-06-2022 12:28 PM
रोल क्लाउड (Roll clouds)या लुढ़कने वाले बादल(जिन्हें आर्कस (Arcus) बादल के रूप में भी जाना जाता है), ऐसे बादल हैं जो बहुत डरावने प्रतीत होते हैं।ये बादल ऑस्ट्रेलिया (Australia) के कारपेंटारिया(Carpentaria) की खाड़ी में काफी बार बनते हैं।यूं तो ऑस्ट्रेलिया में इसकी उपस्थिति नियमित तौर पर देखने को मिलती है, लेकिन इसके बावजूद भी अभी तक यह समझ में नहीं आया है कि ये बादल कैसे बनते हैं।रोल क्लाउड,एक निम्न, क्षैतिज, ट्यूब के आकार का और अपेक्षाकृत दुर्लभ प्रकार का आर्कस क्लाउड है।वे शेल्फ बादलों (Shelf clouds) से भिन्न होते हैं, क्यों कि इनकी संरचना अन्य बादलों से बिल्कुल अलग होती है। रोल क्लाउड आमतौर पर एक क्षैतिज अक्ष पर "लुढ़कते" प्रतीत होते हैं।वे एक एकान्त तरंग हैं जिन्हें सॉलिटॉन (Soliton) कहा जाता है, जो एक ऐसी लहर है जिसमें केवल एक ही शिखा होती है और यह अपनी गति या आकार को बदले बिना चलती है। रोल क्लाउड की सबसे प्रसिद्ध लगातार होने वाली घटनाओं में से एक क्वींसलैंड (Queensland), ऑस्ट्रेलिया में मॉर्निंग ग्लोरी क्लाउड (Morning Glory) है, जो अक्टूबर में दस में से चार दिनों तक हो सकती है।मॉर्निंग ग्लोरी क्लाउड के बनने के मुख्य कारणों में से एक समुद्री हवाओं से जुड़ा मेसोस्केल (Mesoscale) परिसंचरण है,जो केप यॉर्क (Cape York) प्रायद्वीप और कारपेंटारिया की खाड़ी में विकसित होता है।हालाँकि, इसी तरह की संरचनाएं तेज आंधी के कारण होने वाले डाउनड्राफ्ट (Downdrafts) द्वारा भी बनाई जा सकती हैं,और विशेष रूप से तटीय क्षेत्रों से सम्बंधित नहीं हैं।