चलिए पढ़ते हैं, तयशुदा व प्रेम विवाहों के सांस्कृतिक रुझानों तथा नई आकांक्षाओं के बारे में

आधुनिक राज्य : 1947 ई. से वर्तमान तक
26-11-2026 10:23 AM
चलिए पढ़ते हैं, तयशुदा व प्रेम विवाहों के सांस्कृतिक रुझानों तथा नई आकांक्षाओं के बारे में

हम जानते हैं कि प्राचीन काल से ही, तयशुदा विवाह या अरेंज्ड मैरिज (Arranged Marriage) कई देशों में सांस्कृतिक आधार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। इसके तहत लोग राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक कारणों से पारिवारिक गठबंधनों में बंधते हैं। हमारे देश भारत में यह प्रथा काफी आम है।

क्या आप जानते हैं कि, प्राचीन मिस्र में तयशुदा विवाह के उद्देश्यों में से एक उद्देश्य, रक्त संबंधों (Bloodlines) को शुद्ध रखना था। मिस्र के कई राजाओं और रानियों ने अपनी बहनों और भाइयों से विवाह किया। रोमन लोग भी तयशुदा विवाह की प्रथा का पालन करते थे, क्योंकि वहां बेटियों को मुद्रा माना जाता था। इस कारण, रणनीतिक गठबंधन बनाने और परिवार की सैन्य एवं राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने के लिए उनका काफी महत्व था। दूसरी ओर, उन्नीसवीं सदी तक यूरोपीय सम्राटों ने भी राजकुमारियों को बंधक संपत्ति (Collateral) के रूप में देखा। कई मामलों में, माता-पिता तभी विवाह तय कर देते थे, जब उनकी बेटियां केवल नवजात शिशु होती थीं। इसके अतिरिक्त, जब राजकुमारियां केवल बच्चियां ही होती थीं, तभी उनका विवाह संपन्न कर दिया जाता था। फिर, उचित आयु तक वे अपने परिवारों के साथ घर पर ही रहती थीं। युवा राजकुमारियों और कुलीन महिलाओं का विवाह अक्सर दूर देशों में रहने वाले अधिक उम्र के पुरुषों से कर दिया जाता था। यदि किसी महिला के पति की मृत्यु हो जाती थी, तो पति का परिवार, उसका विवाह अक्सर किसी अन्य उचित पुरुष से कर देता था।

इसी तरह, ऐसे तयशुदा विवाह, चौथी शताब्दी ईस्वी से हमारी भारतीय संस्कृति का हिस्सा रहे हैं। ऐसे विवाह, तब उच्च जाति के परिवारों को एकजुट करने की एक विधि के रूप में प्रचलित थे। समय के साथ, इसी उद्देश्य के लिए अन्य जातियों ने भी इस प्रणाली को अपनाया, और विवाह को एक जोड़े के मिलन के बजाय, दो परिवारों के बीच एक गठबंधन माना जाने लगा।

तयशुदा विवाह के कुछ लाभों में समाज में सामाजिक संतुष्टि बनाए रखने में मदद करना, माता-पिता को परिवार पर नियंत्रण प्रदान करना, पैतृक वंश को सुरक्षित और जारी रखना, तथा पारिवारिक संपत्ति के एकीकरण और विस्तार को सुगम बनाना शामिल है। भारत में तयशुदा विवाह के व्यावहारिक विचार सभी धर्मों में भिन्न हैं। हमारे देश में, विवाह को एक पवित्र संस्था माना जाता है, जो अक्सर सांस्कृतिक, पारिवारिक और सामाजिक अपेक्षाओं से प्रभावित होत हैं। भारतीय समाज में, तयशुदा विवाहों को प्रेम विवाहों (लव मैरिज) की तुलना में अधिक सफल माना जाता है। तयशुदा विवाहों में, परिवार के सदस्यों की भागीदारी रिश्ते की सफलता में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। भारतीय संस्कृति पारिवारिक बंधनों और जिम्मेदारियों को बहुत महत्व देती है, और जब दो परिवार एक विवाह तय करने के लिए एक साथ आते हैं, तो यह एक सहायता प्रणाली को मजबूत करता है।

तयशुदा विवाह में, परिवार आम तौर पर शारीरिक आकर्षण से परे जाकर अनुकूलता का आकलन करने के लिए समय लेते हैं। वे शिक्षा, वित्तीय स्थिरता, सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक पृष्ठभूमि और पारिवारिक परंपराओं जैसे कारकों पर विचार करते हैं। यह समग्र दृष्टिकोण सुनिश्चित करता है कि विवाह में बंधने वाले दोनों व्यक्तियों के जीवन के लक्ष्य और दृष्टिकोण समान हो।

चूंकि, तयशुदा विवाह आमतौर पर व्यावहारिक विचारों पर आधारित होते हैं, इसलिए वे पूरी तरह से भावनात्मक उतार-चढ़ाव या काल्पनिक स्थिति पर निर्भर नहीं होते हैं। दोनों साथी इस समझ के साथ विवाह में प्रवेश करते हैं कि सुखी जीवन के लिए मेहनत, धैर्य और तालमेल की आवश्यकता होती है। यह यथार्थवादी मानसिकता, उन्हें चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना करने में मदद कर सकती है।

इसके अलावा, दंपति के माता-पिता, जिन्हें अक्सर रिश्तों में गहरा अनुभव होता है, दंपति को अमूल्य सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। विवाह में उनका भावनात्मक निवेश दोनों साथियों को इसे सफल बनाने के लिए प्रेरित करता है, जिससे दीर्घकालिक प्रतिबद्धता पैदा होती है। तयशुदा विवाहों में, दोनों साथी, गहरे भावनात्मक संबंध विकसित करने से पहले आम तौर पर एक-दूसरे को समझने के लिए समय लेते हैं। स्नेह निर्माण की यह धीमी और अधिक विचार-विमर्श वाली प्रक्रिया, अक्सर अधिक मजबूत और टिकाऊ प्रेम उत्पन्न करती है। इस कारण, समय के साथ भावनात्मक परिपक्वता विकसित होती है।

दूसरी ओर, जब हम 1970 के दशक के बाद से वैश्विक या क्षेत्रीय स्तर पर तलाक परिदृश्य को देखते हैं, तो हमें तलाक की दरों में समग्र वृद्धि दिखाई देती है। संयुक्त राष्ट्र (UN) ने वैश्विक विवाह प्रतिमानों के अपने अवलोकन में उल्लेख किया है कि ‘विश्व स्तर पर, 35-39 वर्ष की आयु के वयस्कों का अनुपात जो तलाकशुदा या अलग हो चुके हैं, 1970 के दशक में 2% से बढ़कर 2000 के दशक में 4% हो गया है।’

लेकिन जब हम आंकड़ों को अधिक बारीकी से देखते हैं, तो हम यह भी देख सकते हैं कि इसमें दो मुख्य अवधारणाएं छूट जाती हैं। पहली, विभिन्न देशों के बीच इस परिदृश्य में उल्लेखनीय अंतर हैं; और दूसरी, यह अध्ययन 1990 के दशक और आज के तलाक दरों के बीच इन बदलावों के प्रतिमान को पकड़ने में विफल है। उदाहरण के लिए, 1970 और 1990 के दशक के बीच कई देशों में तलाक की दरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। यूनाइटेड किंगडम (United Kingdom), नॉर्वे (Norway) और दक्षिण कोरिया (South Korea) में तलाक की दरें तीन गुना से अधिक बढ़ गईं। हालांकि, अमेरिका, एक अपवाद के रूप में थोड़ा अलग दृश्य प्रस्तुत करता है, जहां अधिकांश अन्य देशों की तुलना में लगातार उच्च तलाक दर रही है।

तलाक की बढ़ती दरों का प्रतिमान, जिसके बाद कुछ देशों (विशेष रूप से विकसित देशों) में एक ठहराव या गिरावट आई है, को आंशिक रूप से विभिन्न पीढ़ियों के बीच तलाक की दरों में अंतर और आज के युवाओं में देर से शादी करने की प्रवृत्ति द्वारा समझाया जा सकता है। इसके विपरीत, हमारे भारत देश में तलाक की दर दुनिया में काफी कम बनी हुई है, जो लगभग 1-2% है। इसका एक महत्वपूर्ण कारण, भारतीय और पश्चिमी पारिवारिक प्रणालियां हैं, जो एक-दूसरे के विपरीत सामाजिक-दार्शनिक आदर्शों पर आधारित हैं।

भारतीय प्रणाली, सामूहिकता और कर्तव्य की भावना से जुड़ी है, तथा परस्पर निर्भरता, सांप्रदायिक सौहार्द और पारिवारिक वरिष्ठता एवं बड़ों के निर्णय को प्राथमिकता देती है। इसके विपरीत, पश्चिमी प्रणाली स्वायत्तता (आत्मनिर्भरता), व्यक्तिगत संतुष्टि और समतावादी (समानता पर आधारित) संबंधों पर जोर देती है।

संरचनात्मक रूप से, भारतीय परिवार संयुक्त या विस्तारित व्यवस्थाओं की ओर झुकाव रखते हैं, जबकि पश्चिमी परिवार मुख्य रूप से एकल होते हैं। भारतीय परिवारों में निर्णय लेने की प्रक्रिया अक्सर बुजुर्गों के नेतृत्व में होती है, जबकि पश्चिमी परिवार जीवनसाथी या व्यक्तिगत स्वायत्तता का पक्ष लेते हैं। इसके अलावा, भारतीय परिवारों में लैंगिक भूमिकाएं पारंपरिक रूप से विभाजित रही हैं, और पश्चिमी परिवार आम तौर पर अधिक लचीले और समतावादी मानदंडों को प्रदर्शित करते हैं।

दूसरी ओर, भारतीय परिवार अक्सर पारंपरिक प्रथाओं को आधुनिक प्रभावों के साथ मिश्रित करते हैं, और संरचनात्मक परिवर्तनों के बावजूद मजबूत पारिवारिक स्थिति बनाए रखते हैं। लेकिन पश्चिमी परिवार विभिन्न रूपों को कानूनी और सामाजिक मान्यता देकर खुद को ढालते हैं।

दार्शनिक रूप से, भारतीय प्रणाली धार्मिक और नैतिक सिद्धांतों से प्रेरणा लेती है, जबकि पश्चिमी प्रणाली उदारवादी और मानवतावादी विचारों से प्रभावित है। इसी कारण, दोनों क्षेत्रों में विवाह की अवधारणाएं एवं तलाक की दरें अलग-अलग हैं।

परंतु आज, भारत में धीरे-धीरे प्रेम विवाहों की संख्या बढ़ रही हैं। इसी कारण, देश में तयशुदा विवाह बनाम प्रेम विवाह पर बहस भी होती है। लेकिन जेन ज़ी (Gen Z) युवाओं के लिए, शादी अब केवल तयशुदा विवाह या प्रेम विवाह का मामला नहीं है। शादी के लिए अपने साथी का चयन करना, उनकी नज़र में एक ऐसी प्रणाली के माध्यम से सही व्यक्ति से मिलना है, जो उनके लिए उचित है। तयशुदा विवाह अब एक कठोर व्यवस्था से अधिक, डेटिंग (Dating) के ही एक विस्तारित रूप जैसा महसूस हो रहा है। उनके अनुसार, यदि आप एक निश्चित उम्र तक डेटिंग के माध्यम से सही व्यक्ति से नहीं मिले हैं, तो तयशुदा विवाह एक वैध विकल्प बन जाता है, क्योंकि तयशुदा व्यवस्था स्पष्टता के साथ आती हैं। इसमें परिवार, पृष्ठभूमि और इरादे आमतौर पर विवाह की शुरुआत से ही अधिक स्पष्ट होते हैं।

अनिश्चित रिश्तों और अनौपचारिक डेटिंग के दौर में, युवा हमेशा ही भावनात्मक रूप से जुड़े नहीं होते हैं, या प्रतिबद्धता के लिए तैयार भी नहीं होते हैं। ऐसी स्थिति में तयशुदा विवाह किसी ऐसे व्यक्ति से मिलने का अधिक व्यावहारिक तरीका लग सकता है, जो रिश्तों को लेकर गंभीर हो।

जेन ज़ी युवाओं के अनुसार, यदि इन्हें ईमानदारी से किया जाए, तो तयशुदा विवाह अधिक सीधा और स्पष्ट महसूस होता है। आजकल, कुछ युवा पारिवारिक भागीदारी को भी महत्व देते हैं, लेकिन अंतिम निर्णय अपना ही रखते हैं।

संदर्भ

1. https://tinyurl.com/rcdmkscs 

2. https://tinyurl.com/3592term 

3. https://tinyurl.com/4fd2zejs 

4. https://tinyurl.com/2ev9hcc8 

5. https://tinyurl.com/4ye9nvy3 

Definitions of the Post Viewership Metrics

A. City Readerships (FB + App) - This is the total number of city-based unique readers who reached this specific post from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App.

B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.

C. Messaging Subscribers - This is the total viewership from City Portal subscribers who opted for hyperlocal daily messaging and received this post.

D. Total Viewership - This is the Sum of all our readers through FB+App, Website (Google+Direct), Email, WhatsApp, and Instagram who reached this Prarang post/page.

E. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.