मेरठ से कोसों दूर होकर भी हमारे लिए फ़ायदेमंद हैं रेगिस्तान

मरुस्थल
17-06-2024 03:16 PM
Post Viewership from Post Date to 18- Jul-2024 31st Day
City Subscribers (FB+App) Website (Direct+Google) Messaging Subscribers Total
2734 127 0 2861
* Please see metrics definition on bottom of this page.
मेरठ से कोसों दूर होकर भी हमारे लिए फ़ायदेमंद हैं रेगिस्तान

रेगिस्तान के बारे में अधिकांश लोग यही मानते हैं कि ‘यह एक विशाल रेतीला और गर्म इलाका होता हैं, जहाँ बहुत कम पौधे होते हैं।’ लेकिन वास्तव में पृथ्वी की सतह के 33% हिस्से पर रेगिस्तान ही हैं। रेगिस्तान का अपना खुद का अद्वितीय पारिस्थितिकी तंत्र होता हैं। हमारे मेरठ जैसे कई शहर भले ही रेगिस्तान से कोसों दूर हैं, लेकिन कहीं न कहीं उनकी मौजूदगी से हमें भी फायदा मिलता है। इस लेख में, हम दुनियां के सबसे प्रसिद्ध रेगिस्तानों के बारे में जानेंगे। साथ ही हम इनसे होने वाले आर्थिक लाभों के बारे में भी जानेंगे और समझेंगे कि पर्यटक उन्हें देखना क्यों पसंद करते हैं?
चलिए शुरुआत दुनिया के कुछ सबसे प्रसिद्ध रेगिस्तानों से करते हैं: 1. सहारा रेगिस्तान (Sahara Desert): सहारा रेगिस्तान को दुनिया का सबसे बड़ा गर्म रेगिस्तान माना जाता है। यह अंटार्कटिका और आर्कटिक के बाद तीसरा सबसे बड़ा रेगिस्तान है। यह लाल सागर से अटलांटिक महासागर तक फ़ैले उत्तरी अफ्रीका के अधिकांश हिस्से को ढकता है, जिसमें मिस्र, अल्जीरिया, लीबिया, माली, मॉरिटानिया, मोरक्को, नाइजर, ट्यूनीशिया और सूडान के कुछ हिस्से शामिल हैं। यहाँ जाकर आप क्वाड बाइकिंग (quad biking), स्टार्गेजिंग (stargazing), सैंड सर्फिंग (sand surfing), कैंपिंग (camping) और ऊँट की सवारी जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं। 2. अरब रेगिस्तान (Arabian Desert): अरब रेगिस्तान अरब प्रायद्वीप के अधिकांश भाग को कवर करता है। इसे एशिया का सबसे बड़ा और दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा रेगिस्तान माना जाता है। यह यमन, जॉर्डन, इराक, कुवैत, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और ओमान तक फैला हुआ है। यहां आप ऊँट सफ़ारी, कैंपिंग, लंबी पैदल यात्रा, रेत के टीलों पर चढ़ाई, अरब सफ़ारी और हॉट एयर बैलून की सवारी (hot air balloon rides) जैसी रोमांचक गतिविधियां कर सकते हैं। 3. अटाकामा रेगिस्तान (Atacama Desert): अटाकामा रेगिस्तान दक्षिण अमेरिका में स्थित है, जो चिली, अर्जेंटीना, बोलीविया और पेरू के कुछ हिस्सों में फ़ैला हुआ है । यह दुनिया का सबसे शुष्क गैर-ध्रुवीय रेगिस्तान है। इसे सोडियम नाइट्रेट का एक प्रमुख स्रोत माना जाता है और यहाँ पर सबसे पुराने ममीकृत मानव अवशेष पाए गए थे। इसकी मिट्टी मंगल ग्रह के समान प्रतीत होती है। 4. गोबी रेगिस्तान (Gobi Desert): गोबी रेगिस्तान चीन और मंगोलिया में फैला हुआ है और इसमें 33 अलग-अलग रेगिस्तान हैं, जिनमें से प्रत्येक की अपनी अनूठी विशेषताएं हैं। इसे मंगोल साम्राज्य से जुड़े अपने ऐतिहासिक महत्व के लिए जाना जाता है। गोबी का केवल 5% हिस्सा रेत से ढका है; बाकी में पहाड़, हरी घाटियाँ, नदियाँ, मरुस्थल और झीलें शामिल हैं। यहाँ पर डायनासोर (Dinosaur) के जीवाश्म और बैक्ट्रियन ऊँट (Bactrian camel), साइबेरियन आइबेक्स (Siberian ibex) और गोबी भूरे भालू (Gobi brown bear) जैसे जानवरों को देखा जा सकता है। 5. आर्कटिक रेगिस्तान: आर्कटिक रेगिस्तान, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रेगिस्तान है, जहाँ बहुत कम वर्षा होती है और यह रूस तथा नॉर्वे के द्वीपों को कवर करता है। काफी ठंड होने के बावजूद, यह रेगिस्तान प्रसिद्ध एस्किमो और आर्कटिक लोमड़ी (arctic fox), आर्कटिक खरगोश, नरवाल, ध्रुवीय भालू और वालरस (walrus) जैसे शानदार जानवरों का घर है। यहां की जा सकने वाली प्रमुख गतिविधियों में डॉग स्लेजिंग (dog sledding), स्नोशू वॉक (snowshoe walks), स्कीइंग (skiing), स्पोर्ट फिशिंग (sport fishing), पर्वतारोहण और राफ्टिंग (rafting) आदि शामिल हैं। यहाँ पर घूमने का सबसे अच्छा समय जून और सितंबर के बीच होता है।
दुनिया का सबसे गर्म रेगिस्तान ईरान का लुट रेगिस्तान (Lut Desert) है। 2005 में, वहाँ का तापमान अविश्वसनीय रूप से 70.7°C (159.3°F) तक पहुँच गया था। हालाँकि कैलिफोर्निया की डेथ वैली (Death Valley) भी बहुत गर्म है, लेकिन यह लुट रेगिस्तान जितना गर्म नहीं होता। मध्य पूर्व में जॉर्डन में स्थित वाडी रम (Wadi Rum) को कई लोग दुनिया के सबसे खूबसूरत रेगिस्तानों में से एक मानते हैं। इस अद्भुत परिदृश्य में आश्चर्यजनक बलुआ पत्थर की चट्टानें और लाल रेत के विशाल खंड हैं। यहाँ के नाटकीय दृश्य हजारों सालों से पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते आ रहे हैं। यहाँ घूमने के लिए 4x4 जीप से टूर करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है, जिसके तहत आप रेगिस्तान की एक रोमांचक सवारी कर सकते हैं और यहाँ की छिपी हुई घाटियों और प्राचीन शिलालेखों के बारे में जान सकते हैं। इसके अलावा यहाँ जाने पर ऊंट की सवारी करके भी इस रेगिस्तान के मनोरम दृश्यों को देखा जा सकता है।
सूर्यास्त के बाद भी कई लोग यहाँ के आरामदायक रेगिस्तानी शिविरों में रहना पसंद करते हैं, जहाँ वे प्रकाश प्रदूषण के विकर्षणों से दूर, रात के आसमान की सुंदरता का आनंद ले सकते हैं। अविस्मरणीय रेगिस्तानी रोमांच का अनुभव लेने के लिए वाडी रम एक बेहतरीन गंतव्य हो सकता है। उगने वाले पौधों और जानवरों के अलावा भी रेगिस्तानों की कई अद्वितीय विशेषताएं होती हैं। उदाहरण के तौर पर रेगिस्तान के शुष्क वातावरण में जिप्सम, बोरेट, नाइट्रेट और पोटेशियम जैसे कई आवश्यक खनिजों की सांद्रता काफी उच्च होती है। चूँकि यहाँ पर पेड़ पौंधे बहुत कम होते है, इसलिए इन खनिजों तक आसानी से पंहुचा जा सकता है। दुनिया का 50% से अधिक तांबा मेक्सिको, चिली और ऑस्ट्रेलिया के रेगिस्तानों से ही आता है। दुनिया का 75% तेल भंडार रेगिस्तानों की गर्त में छिपा हुआ हैं। इन्हीं रेगिस्तानों में बॉक्साइट, सोना और हीरे जैसे दुर्लभ तत्व भी प्रचुरता से पाए जाते हैं। इतना ही नहीं चिकित्सा के क्षेत्र में कुछ रेगिस्तानी पौधे बहुत मूल्यवान माने जाते हैं। उदाहरण के लिए, इज़राइल के रेगिस्तानों में पाए जाने वाले पौधों का उपयोग मलेरिया से लड़ने में मदद के लिए किया जाता है। इसके अलावा, मिस्र में हुई खोजों के आधार पर हम यह कह सकते हैं कि कई रेगिस्तानों में शुष्क परिस्थितियाँ मानव अवशेषों और कलाकृतियों को संरक्षित करने के लिए एकदम आदर्श होती हैं।

संदर्भ
https://tinyurl.com/2psbtd36
https://tinyurl.com/4d9cmvdz
https://tinyurl.com/3uwwkcsb

चित्र संदर्भ
1. रेगिस्तान के सुंदर दृश्य को संदर्भित करता एक चित्रण (flickr)
2. सहारा रेगिस्तान को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
3. अरब रेगिस्तान को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
4. अटाकामा रेगिस्तान को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
5. गोबी रेगिस्तान को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
6. आर्कटिक को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
7. लुट रेगिस्तान को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
8. रेगिस्तान में पर्यटकों को संदर्भित करता एक चित्रण (wikimedia)
9. रेगिस्तान में खनन को संदर्भित करता एक चित्रण (pxhere)