समय - सीमा 277
मानव और उनकी इंद्रियाँ 1034
मानव और उनके आविष्कार 812
भूगोल 249
जीव-जंतु 303
पिछले कुछ वर्षों में भारत में इंटरनेट की पहुँच में बहुत बड़े पैमाने पर वृद्धि हुई है। आज विद्यार्थियों को या अन्य किसी को कुछ भी सर्च (Search) करना होता है तो वे तुरंत इंटरनेट पर पहुँच जाते है। भारत में इंटरनेट उपयोगकर्ताओं में से करोड़ों लोग ऐसे है जो अधिकांश हिन्दी से संबंधित कंटेंट (Content) को सर्च करते है। आज इंटरनेट पर हिन्दी ने रफ्तार पकड़ ली है, वर्तमान में सभी आवश्यक वेबसाइटों के हिन्दी संस्करण मौजूद है। यहां तक की विकिपीडिया जोकि एक ऑनलाइन ज्ञान का भण्डार है और यहां पर आपको लगभग हर चीज के बारे में जानकारी मिल सकती है, उसमें भी आप हिन्दी कंटेंट को देख सकते है।
वर्तमान में हमे कुछ भी पता करना हो तो हम सबसे पहले विकिपीडिया पर ही सर्च करते हैं। इसे 10 जनवरी, 2001 में लॉरेंस मार्क सैंगर और जिमी वेल्स ने शुरू किया था। इसकी सबसे खास बात यह है कि इसको एक या दो लोगों ने नही बल्कि कई लोगों ने मिलकर बनाया है, यह दुनिया भर के योगदानकर्ताओं द्वारा सम्पादित किया जा रहा है, ये हम और आप के जैसे लोगों के योगदान से बनी ऑनलाइन विश्वज्ञानकोश है। यह बहुभाषी, वेब आधारित मुक्त कंटेंट ज्ञानकोष परियोजना है। विकिपीडिया को पढ़े बिना काम करना मुश्किल हो जाता है, इस प्लेटफॉर्म में कंटेंट की कमी नहीं है।
इंटरनेट की दुनिया में विकिपीडिया एक जाना माना नाम है, जब यह शुरू हुआ था तो केवल अंग्रेजी में उपलब्ध था, और ये इतना लोकप्रिय हुआ कि सितंबर 2015 तक मासिक रूप से इसने 3,740,00,000 लोगों को आकर्षित किया, यह लोकप्रियता में पांचवे स्थान पर है। मई 2001 में इसमें चीनी, डच, फ्रेंच, जर्मन, जापानी, पुर्तगाली, रूसी, स्पेनिश और स्वीडिश आदि भाषाओं को जोड़ा गया और जुलाई 2003 में यह हिन्दी में शुरु हुआ था। हिन्दी विकिपीडिया में वर्तमान में 1,28,956 लेखों पर काम चल रहा है। आज विकिपीडिया 303 भाषाओं में उपलब्ध है। आज इसमें करीब 48,000,000 लेखों पर लगभग 72,000 सक्रिय योगदानकर्ता काम कर रहे हैं।
यदि विकिपीडिया में भारतीय भाषाओं की स्थिति की बात की जाये तो 28 दिसंबर 2018 तक के उपलब्ध लेखों के आधार पर उर्दू भाषा (1,42,669 लेख) 49वें स्थान पर है इसके बाद 55वें स्थान पर हिंदी (1,28,950 लेख) आती और 59वें पर तमिल (1,19,122 लेख), 75वें पर तेलुगु (69,895 लेख), 80वें पर बंगला (63,506 लेख), 86वें पर मराठी (52,664 लेख) है और 136वें स्थान पर संस्कृत (11,357 लेख) है।
विकिपीडिया फाउंडेशन जो कि गैर-लाभकारी संगठन है, ने हिन्दी विकिपीडिया को बढ़ावा देने के लिये 2011 में नई दिल्ली में अमेरिका के बाहर अपना पहला कार्यालय “विकीमीडिया फाउंडेशन इंडिया इनिशिएटिव” (Wikimedia Foundation India Initiatives) स्थापित किया। विकीपीडिया ने भारत संचालन के लिए एक सलाहकार के रूप में करिम्बा, पलक्कड़ (केरल) के योगदानकर्ता शिजू एलेक्स को भर्ती किया था। अंग्रेजी भाषा के समाचार पत्र डेक्कन क्रॉनिकल के अनुसार एलेक्स ने 2005 में विकिपीडिया के मलयालम खंड में योगदान देना शुरू किया और 500 से 20,000 लेखों तक मलयालम विकी का विस्तार करने में मदद की।
विकिपीडिया हमेशा भारत में बहुत रुचि रखता है और उसने भारत में ऐसे कार्यक्रम शुरू किए हैं, जिनमें कॉलेज के छात्रों ने अपने पाठ्यक्रमों रूप में कई विषयों पर इस वेबसाइट में संपादन किया। लेकिन यह कार्यालय बंद हो गया है क्योंकि भारतीयों ने स्थानीय भाषाओं में उतना योगदान नहीं दिया जितना कि विकिपीडिया का अनुमान था। कम भागीदारी का मुख्य कारण यह हो सकता है कि विकिपीडिया में योगदानकर्ताओं द्वारा लेख लिखे जाते हैं जिसके लिये उन्हे किसी भी तरह का वेतन या पैसे नही दिये जाते है। विकिपीडिया में लेखों को मोटे तौर पर गुमनाम स्वयंसेवकों द्वारा सहयोग से लिखा जाता है।
संदर्भ:
1.https://en.wikipedia.org/wiki/Wikipedia:About
2.https://bit.ly/2C0Ptxy
3.https://bit.ly/2GW9fQE
4.https://bit.ly/2CQStya
5.https://en.wikipedia.org/wiki/Hindi_Wikipedia