समय - सीमा 277
मानव और उनकी इंद्रियाँ 1034
मानव और उनके आविष्कार 812
भूगोल 249
जीव-जंतु 303
21वीं सदी को यदि प्रौद्योगिकी का युग कहा जाए तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। आज विश्व का शायद ही कोई ऐसा पहलू होगा, जो तकनीकों के उपयोग से अछुता रहा हो, यहां तक कि धार्मिक क्षेत्रों में भी इसका व्यापक उपयोग किया जा रहा है। आज हम हज यात्रा में तकनीकी की भूमिका के विषय में बात करेंगे। हज इस्लाम धर्म का पांचवा स्तंभ है तथा शारीरिक और आर्थिक रूप से सक्षम प्रत्येक मुसलमान के लिए जीवन में एक बार हज यात्रा अनिवार्य है।
सऊदी अरब द्वारा प्रत्येक वर्ष हज यात्रा आयोजित कराई जाती है, जिसमें लाखों (लगभग 20 लाख से भी अधिक) हज यात्री जल, थल, वायु यान के माध्यम से इसमें हिस्सा लेने आते हैं। हज यात्रियों की यात्रा सरल एवं सुरक्षित बनाने हेतु सऊदी सरकार आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है, जिसमें इलेक्ट्रॉनिक (Electronic) सेवाओं का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। इन तकनीकी सुविधाओं ने वास्तव में हज यात्रा को काफी आसान बना दिया है। प्रौद्योगिकी के माध्यम से हज यात्रा प्रारंभ होने से लेकर समाप्त होने तक के बीच यात्रियों की छोटी-छोटी आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
हज यात्रा में प्रौद्योगिकी के लाभ इस प्रकार हैं:
• कोई भी व्यक्ति जो हज यात्रा करना चाहता है, उनके लिए पोर्टल बनाए गए हैं, जिसमें वे अपनी यात्रा की सूचना दे सकते हैं।
• यात्रियों को मोबाइल में 4G सुविधाएं देने के लिए मक्का के आसपास 3,000 मोबाइल एंटीना (Mobile Antenna) लगाए गए हैं। इसके साथ ही पूरी यात्रा में वाई-फाई (Wifi) सुविधा प्रदान की जा रही है।
• मोबाइल टावर्स (Mobile Towers) यात्रियों को अपने परिवार के साथ संपर्क बनाए रखने और मंत्रालय की ऑनलाइन (Online) सेवाओं का उपयोग करने के लिए निर्बाध 4G मोबाइल इंटरनेट (Internet) सेवा प्रदान करेंगे।
• काबा में प्रवेश करने के बाद उसके भीतर अनेक धार्मिक गतिविधियां संपन्न की जाती हैं, जिनकी जानकारी यात्रियों को मोबाइल ऐप्लीकेशन (Application) के माध्यम से दे दी जाती है। इसके साथ ही मोबाइल ऐप हवाई उड़ानों की पूर्व जानकारी भी दे देते हैं।
• यात्रियों का डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड (Digitalised Health Record) रखा जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सुविधाएं आसानी से मुहैया कराई जा सकें।
• ऐसेफ्नी (Asefny) नामक ऐप्लीकेशन के माध्यम से आप अपनी स्वास्थ्य रिपोर्ट भेज सकते हैं तथा आपात स्थिति में अपने लिए आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं मंगा सकते हैं। ऐप के माध्यम से हजयात्री के स्थान को ट्रेक (Track) करके आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं दी जाती हैं।
• सुरक्षा की दृष्टि से मक्का के चारों ओर कैमरे (Camera) लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी सऊदी पुलिसकर्मियों द्वारा की जाती है। यह व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी उपद्रव्य पर नज़र रखते हैं।
• हजारों तीर्थयात्रियों के शिविरों की निगरानी हेलीकॉप्टर द्वारा की जाती है।
हालांकि, इन सभी सकारात्मकताओं के बावजूद, प्रौद्योगिकी का हज में उपयोग हज यात्रियों को इसकी आध्यात्मिकता से दूर ले जा रहा है। क्योंकि मोबाइल और अन्य साधनों के उपयोग से लोगों का ध्यान यात्रा से ज्यादा वीडियो कॉल (Video call) और सेल्फी (Selfie) में लग जाता है। आधुनिक सुविधाओं के बीच हो सकता है अक्सर लोग हज पर ध्यान केंद्रित करने की बजाए स्वयं पर ही ध्यान केंद्रित करने लगें। हज का प्रमुख उद्देश्य मानव को भौतिकता से आध्यात्मिकता की ओर ले जाना है, जो प्रौद्योगिकी की उपस्थिति में शायद संभव नहीं। इसलिए प्रौद्योगिकी का उपयोग तो किया जाना चाहिए किंतु एक सीमा तक, जिससे हज का महत्व बरकरार रहे।
संदर्भ:
1. https://bit.ly/2YAwKXK
2. https://bit.ly/2KF7MNk
3. https://bit.ly/2YOnFpv