अंतरिक्ष हमारी पृथ्वी के नियमों को मानने से साफ़ इनकार कर देता है! ऊपर दिए गए वीडियो में टी-हैंडल (T-handle) को अजीब तरह से घूमते देखकर आप यह बात समझ ही गए होंगे। असल में होता क्या है की ऊपर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के शून्य-गुरुत्वाकर्षण वातावरण में, सब कुछ पूरी तरह से अलग नियमों के अनुसार होता है, और पृथ्वी के अधिकांश नियम वहां पूरी तरह से लागू नहीं होते हैं। जैसा कि वीडियो में टी-हैंडल इतनी सुंदरता से प्रदर्शन कर रहा है, और जो कुछ भी इसके साथ हो रहा है उससे हम बहुत कुछ सीख भी सकते हैं। यह किसी वस्तु के मध्यवर्ती अक्ष के चारों ओर घूमने की अस्थिरता है। नियम कहता है की, यदि आप किसी वस्तु को उसके सबसे बड़े और सबसे छोटे अक्ष के चारों ओर घुमाते हैं, तो यह एक स्थिर, सुसंगत तरीके से घूमेगा। लेकिन अगर आप इसे एक मध्यवर्ती अक्ष पर घुमाते हैं, तो इसका घुमाव अस्थिर हो जाता है। वस्तु घूमती हुई ओरिएंटेशन (Orientation) में आगे और पीछे फ़्लिप (Flip) करने लगती है, इसलिए अधिक स्थिर होने के बजाय यह खुद को बड़े या छोटे अक्षों पर स्पिन करने का प्रयास कर रही होती है। यह पृथ्वी पर और शून्य गुरुत्वाकर्षण दोनों में काम करता है। इसके बीच एकमात्र अंतर यह है कि अंतरिक्ष में, आप वास्तव में इस अस्थिरता के परिणाम धीमी गति के फुटेज यानी स्लो मोशन कैमरा (Slow Motion Camera) के बिना भी देख सकते हैं।