बाल दिवस विशेष: जानें, रामपुर के बच्चों के भविष्य हेतु किए गए शैक्षणिक प्रयत्नों को

आधुनिक राज्य : 1947 ई. से वर्तमान तक
14-11-2026 09:30 AM
बाल दिवस विशेष: जानें, रामपुर के बच्चों के भविष्य हेतु किए गए शैक्षणिक प्रयत्नों को

हमारे देश की स्वतंत्रता के बाद, लोकतंत्र की ओर भारत के कदमों ने सार्वजनिक विद्यालय शिक्षा का विस्तार करके तथा विभिन्न सामाजिक व आर्थिक पृष्ठभूमियों के बच्चों के लिए ज्ञान के नए द्वार खोलकर, शिक्षा के परिदृश्य को पूरी तरह बदल दिया। साथ ही, हमारे शहर रामपुर की ऐतिहासिक रज़ा लाइब्रेरी ने बहुमूल्य पांडुलिपियों, दुर्लभ पुस्तकों और सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजकर रखा है, जो आज भी छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए एक महत्त्वपूर्ण ज्ञान-स्रोत हैं। जबकि पारंपरिक मदरसा शिक्षा और आधुनिक विद्यालय शिक्षा का समन्वय यह दर्शाता है कि किस प्रकार धार्मिक व सांस्कृतिक ज्ञान को विज्ञान, गणित और समकालीन विषयों के साथ जोड़ने के व्यापक प्रयास किए गए हैं। इस प्रकार, शैक्षणिक सुधारों, ऐतिहासिक संस्थानों के संरक्षण और समावेशी शिक्षा की पहलों ने शिक्षा तक लोगों की पहुँच को सुगम बनाया है। इसके अतिरिक्त, समृद्ध विरासत और आधुनिक लोकतांत्रिक समाज की आवश्यकताओं के बीच एक संतुलित तालमेल स्थापित किया गया है।

जब 1950 में भारत एक गणराज्य बना, तो उसके सबसे प्राथमिक और महत्त्वपूर्ण लोकतांत्रिक संकल्पों में से एक यह सुनिश्चित करना था कि शिक्षा केवल कुछ गिने-चुने लोगों का विशेषाधिकार बनकर न रह जाए। दशकों बाद, यह संकल्प आज दोहरे लक्ष्य के रूप में विकसित हो चुका है। आज, हर बच्चे को विद्यालय तक लाया जा रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यालय में उन्हें वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। 'पहुँच का विस्तार' और 'गुणवत्ता में सुधार', ये दो लक्ष्य ही शिक्षाविदों के अनुसार 'शिक्षा के लोकतंत्रीकरण' के दो मुख्य स्तंभ हैं।

शिक्षा के लोकतंत्रीकरण का अर्थ जाति, लिंग, धर्म, आर्थिक स्थिति या भौगोलिक स्थान के भेदभाव के बिना, प्रत्येक नागरिक के लिए शिक्षा को सुलभ, निष्पक्ष और प्रासंगिक बनाना है। इसमें उन सभी सामाजिक व ढाँचागत बाधाओं को भी खत्म करना शामिल है, जो पूरे-के-पूरे समुदायों को औपचारिक शिक्षा से दूर रखती हैं। इसका अन्य उद्देश्य, एक ऐसी व्यवस्था का निर्माण करना भी है, जो विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक आवश्यकताओं का सम्मान कर सके।

भारतीय शिक्षा के विद्वानों का मानना है कि आधुनिक शिक्षा ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसने विशेष रूप से सामाजिक असमानता की गहरी जड़ों और भेदभावपूर्ण रूढ़ियों को चुनौती दी है, जिन्होंने ऐतिहासिक रूप से भारतीय समाज को प्रभावित किया था। इस दृष्टिकोण से शिक्षा केवल सरकार द्वारा दी जाने वाली कोई सेवा मात्र नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक संस्कृति का निर्माण और उसका पोषण करने वह माध्यम है।

इस प्रकार, शिक्षा के अधिकार और विस्तार के लिए, भारत के प्रयास निम्नलिखित संवैधानिक तत्वों पर टिके हैं:

1. अनुच्छेद 21अ (86वाँ संविधान संशोधन, 2002): इसके तहत 6 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए शिक्षा को एक मौलिक अधिकार बनाया गया।

2. शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE Act, 2009): इसने इस मौलिक अधिकार को कानूनी शक्ति प्रदान की है, जिसके तहत मुफ्त शिक्षा को अनिवार्य किया गया, विद्यालयों के लिए बुनियादी मानदंड तय किए गए और निजी गैर-सहायता प्राप्त विद्यालयों में आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्गों (EWS) के बच्चों के लिए 25% सीटें आरक्षित करना अनिवार्य किया गया है।

3. नीति निर्देशक तत्व (अनुच्छेद 46): ये तत्व राज्य को अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और अन्य कमज़ोर वर्गों के शैक्षणिक व आर्थिक हितों को बढ़ावा देने का निर्देश देते हैं। ये इस बात को भी स्वीकार करते हैं कि जब तक ऐतिहासिक रूप से पिछड़े वर्गों को लक्षित सहायता नहीं मिलेगी, तब तक कागज़ों पर दी गई औपचारिक समानता अर्थहीन रहेगी।

पुस्तकीय ज्ञान किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी धरोहर होता है। उदाहरण के लिए, हमारे रामपुर शहर की भव्य रज़ा लाइब्रेरी, विद्यार्थियों, संशोधकों एवं आम जनता के लिए भी ज्ञान के प्रकाशपुंज के रूप में उभरी है।

रज़ा लाइब्रेरी इंडो-इस्लामिक सांस्कृतिक विरासत का एक अनुपम संग्रह केंद्र है। इसकी स्थापना अठारहवीं सदी के अंतिम दशकों में रामपुर के तत्कालीन नवाबों द्वारा की गई थी। वर्तमान में यह भारत सरकार के प्रबंधन के तहत संचालित है।

इस पुस्तकालय में पांडुलिपियों, ऐतिहासिक दस्तावेज़ों, इस्लामिक कैलीग्राफी (सुलेखन) के नमूनों, लघु चित्रों (मिनीचर पेंटिंग्स), खगोलीय उपकरणों और अरबी तथा फ़ारसी की सचित्र कृतियों का अमूल्य संग्रह है। इसके अलावा, रज़ा लाइब्रेरी में संस्कृत, हिंदी, उर्दू, पश्तो, तमिल, तुर्की और अन्य विभिन्न भाषाओं की लगभग 30,000 मुद्रित पुस्तकें (पत्र-पत्रिकाओं सहित) उपलब्ध हैं।

रामपुर रियासत के भारत में विलय के बाद, 6 अगस्त 1951 को नवाब रज़ा अली खान बहादुर द्वारा बनाए गए एक ट्रस्ट के तहत, इस पुस्तकालय का संचालन शुरू हुआ। फिर जुलाई 1975 में भारतीय संसद द्वारा 'रज़ा लाइब्रेरी अधिनियम' पारित किया गया और पुस्तकालय का नियंत्रण केंद्र सरकार ने अपने हाथों में ले लिया। शिक्षा मंत्रालय द्वारा इसे 'राष्ट्रीय महत्त्व का पुस्तकालय' घोषित किया गया है। साथ ही, यह 2003 में स्थापित 'राष्ट्रीय पांडुलिपि मिशन' के तहत एक निर्दिष्ट 'पांडुलिपि संरक्षण केंद्र' (MCC) भी है। वर्ष 2009 में भारत सरकार द्वारा इसके सम्मान में, स्मारक डाक टिकट भी जारी किया गया था।

दूसरी ओर, आधुनिक भारत ने रामपुर की समृद्ध मदरसा विरासत को मुख्यधारा के वैज्ञानिक पाठ्यक्रम के साथ भी जोड़ा है। भारत की पारंपरिक शिक्षा प्रणाली लंबे समय से रटने की विधि, एक निश्चित पाठ्यक्रम और केवल परीक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए जानी जाती रही है। यह दृष्टिकोण गहन सोच और रचनात्मकता की कीमत पर, केवल याद रखने और दोहराने पर जोर देता है। यह छात्रों को समकालीन दुनिया की चुनौतियों के लिए आवश्यक कौशल प्रदान करने में पूरी तरह सक्षम नहीं है। इसके विपरीत, आधुनिक शिक्षा छात्र-केंद्रित शिक्षण, परस्पर संवादात्मक शिक्षण पद्धतियों और प्रौद्योगिकी के उपयोग की वकालत करती है। यह व्यावहारिक सोच, समस्या-निवारण और सहयोगात्मक शिक्षण को बढ़ावा देती है, जिसका उद्देश्य इक्कीसवीं सदी की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम सर्वांगीण व्यक्तित्व का विकास करना है।

परंतु, पारंपरिक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का संयोजन यानी ‘मिश्रित शिक्षा (ब्लेंडेड लर्निंग)' कई बेहतरीन लाभ प्रदान करती है। मल्टीमीडिया संसाधनों और संवादात्मक गतिविधियों के समावेश से, छात्रों की पढ़ाई में रुचि बनी रहती है और उनकी अलग-अलग बातें सीखने की क्षमताओं को प्रोत्साहन मिलता है। यह दृष्टिकोण शिक्षा को कक्षाओं की चारदीवारी से बाहर भी ले जाता है और इसे अधिक समावेशी बनाता है। मिश्रित शिक्षण से छात्रों में गहन विचार, रचनात्मकता और संघ कार्य की भावना विकसित होती है। यह प्रणाली न केवल शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार लाती है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देती है, जिससे भावात्मक और संज्ञानात्मक (बौद्धिक) विकास के लिए एक संतुलित वातावरण बनता है।

भारत की शिक्षा प्रणाली में इस समय क्रांतिकारी सुधार हो रहे हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 सीखने के लिए अधिक समग्र, लचीले और व्यावहारिक दृष्टिकोण का समर्थन करती है। यह प्रौद्योगिकी के समावेश, बहुभाषी शिक्षा और पारंपरिक ज्ञान के संरक्षण पर जोर देती है, जो पूरी तरह से मिश्रित शिक्षण के सिद्धांतों के अनुकूल है।

 

संदर्भ

1. https://tinyurl.com/3kzdaeve 

2. https://tinyurl.com/4eubuhh3 

3. https://tinyurl.com/yc546ts8 

Definitions of the Post Viewership Metrics

A. City Readerships (FB + App) - This is the total number of city-based unique readers who reached this specific post from the Prarang Hindi FB page and the Prarang App.

B. Website (Google + Direct) - This is the Total viewership of readers who reached this post directly through their browsers and via Google search.

C. Messaging Subscribers - This is the total viewership from City Portal subscribers who opted for hyperlocal daily messaging and received this post.

D. Total Viewership - This is the Sum of all our readers through FB+App, Website (Google+Direct), Email, WhatsApp, and Instagram who reached this Prarang post/page.

E. The Reach (Viewership) - The reach on the post is updated either on the 6th day from the day of posting or on the completion (Day 31 or 32) of one month from the day of posting.